Ankita Murder Case: बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी अभिनेत्री उर्मिला सनावर की लगातार फेसबुक पोस्टों से उत्तराखंड में सियासी घमासान मचा हुआ है। अंकिता भंडारी उत्तराखंड के पौड़ी जिले के वनंतरा रिजॉर्ट में एक रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। 8 सितंबर 2022 को अंकिता की हत्या कर उसका शव चीला नहर में फेंक दिया गया था। इस मामले में गिरफ्तार रिजॉर्ट स्वामी तत्कालीन भाजपा नेता विनोद आर्य के पुत्र पुलकित आर्य, सौरभ भाष्कर और अंकित गुप्ता को उम्रकैद हुई है। चर्चा थी कि पुलकित आर्य ने अंकिता पर रिजॉर्ट में ठहरे वीआईपी को स्पेशल सर्विस देने का दबाव डाला था। मना करने पर उसकी हत्या कर दी गई थी। इधर, बीते कुछ दिनों से उर्मिला सनावर फेसबुक पर लाइव आकर कई ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल कर रही हैं। इससे राज्य में सियासी संग्राम छिड़ा हुआ है। मामले की जांच और वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर राज्य भर में प्रदर्शन चल रहे हैं। इसी बीच कल दुष्यंत गौतम ने सोशल मीडिया वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रकरण में सुनियोजित साजिश के तहत दुष्प्रचार किया जा रहा है। कहा कि जो असामाजिक तत्व उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि जो लोग दुष्प्रचार करते हुए विभिन्न आरोप लगा रहे हैं, उनसे तथ्य लेकर जांच की जानी चाहिए। मैं हर बात के लिए तैयार हूं। यदि कोई सुबूत मिलता है तो मैं उसी क्षण अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन से सन्यास ले लूंगा।