Protection Of Faith : पवित्र गंगा घाटों पर भविष्य में केवल हिंदुओं को ही प्रवेश मिलेगा। ये व्यवस्था उत्तराखंड के हरिद्वार और ऋषिकेश से शुरू होने जा रही है। दरअसल, राज्य में हिंदू धर्मावलंबी लंबे समय से गंगा घाटों पर गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक की मांग उठा रहे हैं। नगर निगम ऋषिकेश और हरिद्वार के बायलॉज के अनुसार भी गंगा के कुछ घाटों पर गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक का प्रावधान है। लोगों की मांग को देखते हुए उत्तराखंड सरकार अब गंगा के 105 घाटों पर गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने की तैयारी में है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के मुताबिक इस संबंध में पूर्व से ही प्रावधान लागू हैं। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को इस कानून का अध्ययन करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बताया कि हमारी सरकार चाहती है कि इस कानून को व्यापक और प्रभावी रूप से लागू किया जाए। सीएम ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सनातनियों की आस्था का केंद्र है। देवभूमि की विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान, देवत्व की रक्षा को हमारी सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी।